बरेली। गर्मी की छुट्टियों के सीजन में ट्रेनों पर बढ़ने वाले यात्रियों के अतिरिक्त दबाव के मद्देनजर रेलवे ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों के संचालन में कोई कंजूसी नहीं कर रहा। बुधवार को रेलवे ने बरेली होकर छह और ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ियों की समय सारिणी जारी कर दी।
इन गाड़ियों का संचालन दिल्ली-वाराणसी, अयोध्या-आनंद विहार, दिल्ली-सीतामढ़ी के बीच किया जाएगा। इनमें वाराणसी-दिल्ली और अमृतसर-जयनगर विशेष गाड़ियों का बरेली जंक्शन पर ठहराव नहीं होगा। मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि गाड़ियों में टिकट बुकिंग के लिए विंडो खोल दी गई है।
-
चलाई जाएंगी ये विशेष गाड़ियां
04203 लखनऊ-नई दिल्ली ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन 20 अप्रैल से 13 जुलाई तक प्रत्येक सोमवार को लखनऊ से सुबह 8:05 बजे चलने के बाद 11:20 बजे बरेली आएगी और शाम 6:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। 04204 नई दिल्ली-लखनऊ ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन 20 अप्रैल से 13 जुलाई तक प्रत्येक सोमवार को रात 8:20 बजे नई दिल्ली से चलने के बाद 1:18 बजे बरेली आएगी और अगले दिन सुबह 6:35 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
04213 अयोध्या-आनंद विहार ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन 16 अप्रैल से 17 मई और 28 मई से 12 जुलाई तक प्रत्येक रविवार और बृहस्पतिवार को अयोध्या से शाम 6:20 बजे चलने के बाद रात 12:50 बजे बरेली आएगी और अगले दिन सुबह छह बजे आनंद विहार पहुंचेगी। 04213 आनंद विहार-अयोध्या ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन 17 अप्रैल से 18 मई और 29 मई से 13 जुलाई तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को आनंद विहार से सुबह नौ बजे चलने के बाद दोपहर 1:03 बजे बरेली आएगी और रात 10 बजे अयोध्या पहुंचेगी।
04010 दिल्ली-सीतामढ़ी ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ी 16 अप्रैल से नौ जुलाई तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को रात 11:05 बजे दिल्ली से चलने के बाद अगले दिन तड़के 4:10 बजे बरेली आएगी और रात 11:30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। 04009 सीतामढ़ी-दिल्ली ग्रीष्मकालीन गाड़ी प्रत्येक शुक्रवार को रात एक बजे सीतामढ़ी से चलने के बाद अगले दिन शाम 5:50 बजे बरेली आएगी और रात 11:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।