पीलीभीत में जंगल से दूर अमरिया तहसील क्षेत्र के कई गांव की सीमा क्षेत्र में लंबे समय से प्रवास किए बाघ के कुनबे का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जंगल से बाहर घूम रहे बाघ आबादी के निकट गन्ने की फसलों में चहलकदमी करते देखे जा रहे हैं। गुरुवार को क्षेत्र के ग्राम बड़े पुरा गांव की सीमा क्षेत्र में पहुंचे बाघ के गन्ने की फसल में दहाड़ के बाद मजदूरों के होश उड़ गए।
दहशत के चलते गन्ने की छिलाई कर रहे मजदूर जान बचाकर गांव की ओर दौड़ गए। वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए। इधर, बाघ की चहलकदमी को देखते हुए क्षेत्र के कुछ किसानों ने सुरक्षा की दृष्टि से बंदूक और अन्य हथियारों को पास रख गन्ने की छिलाई कार्य शुरू कराया है।
टाइगर रिजर्व से बाहर घूम रहे बाघ मानव के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। जंगल से वैसे तो कई इलाकों में बाघ की चहलकदमी के चलते दहशत कायम है, लेकिन अमरिया तहसील क्षेत्र के अंतर्गत लंबे समय से प्रवास किए बाघ के कुनबे की सक्रियता बढ़ती जा रही है। जिसके चलते ग्रामीणों के साथ किसानों में दहशत कायम है।
गुरुवार को जंगल से बाहर घूम रहा बाघ थाना क्षेत्र के बड़े पुरा गांव की सीमा क्षेत्र में पहुंच गया। यहां गांव की सीमा से सटे किसान केवल सिंह के खेत पर गन्ने की छिलाई कर रहे मजदूरों के उस समय होश उड़ गए, जब गन्ने की फसल में पहले ही छिपे बैठे बाघ ने दहाड़ लगा दी। दहाड़ सुनकर जान बचाने को वहां मौजूद मजदूर सखावत, शमशेर, छोटा ने गांव की ओर दौड़ लगा दी।
गुरुवार को जंगल से बाहर घूम रहा बाघ थाना क्षेत्र के बड़े पुरा गांव की सीमा क्षेत्र में पहुंच गया। यहां गांव की सीमा से सटे किसान केवल सिंह के खेत पर गन्ने की छिलाई कर रहे मजदूरों के उस समय होश उड़ गए, जब गन्ने की फसल में पहले ही छिपे बैठे बाघ ने दहाड़ लगा दी। दहाड़ सुनकर जान बचाने को वहां मौजूद मजदूर सखावत, शमशेर, छोटा ने गांव की ओर दौड़ लगा दी।
सूचना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। आननफानन में भारी संख्या में ग्रामीण गन्ने की फसल के नजदीक पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन दरोगा शेर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। हालांकि जानकारी कर गन्ने के निकट गेहूं के खेत में बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए। इधर, बाघ की खेतों में मौजूदगी को देखते हुए किसानों में बाघ की दहशत साफ दिखाई दे रही है।
गुरुवार गन्ने के खेत में बाघ की दहाड़ की घटना के बाद खेत स्वामी केवल सिंह लाइसेंसी बंदूक के सहारे खेत में मौजूद रहकर गन्ने की छिलाई का कार्य कराने पर मजबूर हैं। किसान केवल सिंह ने बताया कि बाघ पिछले तीन दिन से गांव के आसपास खेतों में चहलकदमी कर रहा हैं।
बड़े पुरा में बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए गए हैं, बाघ की चहलकदमी को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क किया गया है। किसानों को खेतों की ओर अकेला न जाने की सलाह दी गई है। आबादी क्षेत्र में मौजूदगी को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।
- शेर सिंह, वन दरोगा