दुधवा नेशनल पार्क में एक बाघ रेलवे स्टेशन से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक के निकट मृत अवस्था में मिला। मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने आसपास का जायजा लिया, जिसके बाद बाघ की मौत आपसी संघर्ष में होनी बताई है।
यह मामला दुधवा नेशनल पार्क की दुधवा रेंज का है। जहां दुधवा स्टेशन के कुछ दूरी पर बाघ का शव दिखाई दिया। घटना की सूचना पार्क प्रशासन को दी गई। जिसके बाद पहुंचे पार्क प्रशाशन ने शव को कब्जे में लिया।
बताया जाता है कि बाघ की उम्र लगभग 10 वर्ष है। जिसकी एक आंख फूट गई है और एक नाखून भी टूटा पाया गया है। मृत बाघ के शरीर पर नाखूनों और दांतो के निशान भी पाए गए हैं। इससे उसके आपसी संघर्ष में मरने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया है कि उसका शव पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा जाएगा।