पीलीभीत। माला रेंज के समीप गोयल कॉलोनी इलाके में खेत की रखवाली करते किसान सुवेंदु विश्वास को बाघ ने सोमवार रात 9:30 बजे हमला करके मार डाला। माना जा रहा है कि घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर रविवार को रिछोला में एक अन्य किसान रमनदीप सिंह को हमला करने वाली बाघिन का ही यह हमला है। लगातार हमले से नाराज ग्रामीणों ने इस घटना के बाद रिछोला वन चौकी और वहां मौजूद अधिकारियों के वाहनों में आग लगा दी।
क्षेत्र बाघिन काफी समय से घूम रही है। वन विभाग इसे पकड़ने में नाकामयाब रहा है। इससे पहले भी क्षेत्र में महज चार महीनों में छह लोगों की जान जा चुकी है। रविवार रात रिछोला में किसान पर हमले के बाद वन विभाग ने पिंजरा लगाया था, मगर बाघिन चकमा देकर भाग निकली। माना जा रहा है कि इसी बाघिन ने यह हमला किया है। बताते हैं कि हमले के वक्त सुवेंदु विश्वास कुछ लोगों के साथ बात कर रहा था, तभी बाघ वहां पहुंचा। टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वन्य जीव के हमले में एक ग्रामीण की मौत हुई है। मौके पर टीम को भेजा गया है।