पीलीभीत। शहर से सटी बरहा कॉलोनी में दिल्ली से लौटे युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार को संक्रमित युवक के संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लेने के बाद उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया। इधर, स्वास्थ्य टीम ने गांव को सैनिटाइज करने के बाद कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया है।
शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित बरहा कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय युवक तीन जून को दिल्ली से रोडवेज बस से वापस आया था। उस समय स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसका सैंपल लेकर होम क्वारंटीन किया था। शनिवार को आई 105 लोगों की जांच रिपोर्ट में युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो गई। शनिवार को स्वास्थ्य टीम ने उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को उसके परिवार में माता-पिता, पत्नी, बहन के साथ उसके साथ में दिल्ली से वापस आए पूरनपुर के सुखदासपुर निवासी बहन बहनोई और उनके बेटे का सैंपल लेकर इन सबको क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। स्वास्थ्य टीम युवक के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश कर रही है। फिलहाल सावधानी के तौर पर कॉलोनी को सैनिटाइज करने के बाद उसे कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया गया है।
बरहा कॉलोनी को सैनिटाइज करने के बाद कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया गया है। सात लोगों का सैंपल लेने के बाद उन्हें क्वारंटीन सेंटर में भर्ती कराया गया है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ