नवाबगंज/भोजीपुरा। मुख्य मार्ग स्थित उप डाकघर में टिकट कम पड़ने के कारण दिनभर हंगामा होता रहा। सफाई कर्मी पद के लिए आवेदन करने वालों को टिकट नहीं मिले। इस बीच बाहर एक युवक 27 रुपये के टिकट के दोगुने में बेचते हुए मिला तो हंगामा मच गया। लोगों ने फोन कर पुलिस को बुला लिया। वह दरोगा का बेटा निकला। सुबह से उप डाकघर में अभ्यर्थियों की भीड़ जुटी थी। कुछ ही देर में वहां टिकट खत्म हो गए। अफरातफरी मचने लगी। लोग हंगामा करने लगे। इस बीच किसी की नजर कोने में टिकट बेच रहे युवक पर पड़ गई। उससे टिकट लेने की होड़ मची थी। यह बात उप डाकघर के कर्मचारियों का बताई गई तो वह भी हैरान रह गए। तुरंत पुलिस बुला ली गई। पकड़े गए युवक ने अपना नाम विनोद कुमार निवासी आनंदपुर बताया। उसके पिता संभल में दरोगा हैं। उसने बताया कि वह बरेली से टिकट खरीदकर लाया था और यहां बेच दिए। उधर, भोजीपुरा और धौराटांडा में भी टिकट की मारामारी रही। लोगों का आरोप है कि जब टिकट की कालाबाजारी की शिकायत उप डाकपाल विभूति नारायण से की तो वे भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने लोगों से अभद्रता की और उन्हें अपने ऑफिस से खदेड़ दिया। लोगों ने पीएमजी कार्यालय फोन नंबर 2427015 से संपर्क किया तो रिसीव नहीं हुआ।