बरेली। रोडवेज बस चेक करने पर रुहेलखंड डिपो के परिचालक विनोद ने सहायक यातायात निरीक्षक (एटीआई) भानु प्रताप सिंह को पीट दिया। उनको एससी-एसटी एक्ट के मामले में फंसाने की धमकी भी दी। चालक अमित ने भी परिचालक का सहयोग किया। एटीआई ने हाफिजगंज थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। रुहेलखंड डिपो के एटीआई भानु प्रताप सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह रिठौरा टोल प्लाजा के पास बरेली-टनकपुर रूट की रोडवेज बसों को चेक कर रहे थे। इसी दौरान शाम 4:30 बजे टनकपुर-बरेली के बीच चलने वाली रुहेलखंड डिपो की बस संख्या यूपी 14 एफटी 3265 को रोक कर चेक किया।
इस में 35 यात्री थे, लेकिन 31 यात्रियों को ही टिकट दिया गया था। इस संबंध में वह लिखा-पढ़ी करने लगे, तभी परिचालक विनोद ने उनके हाथ से ई-टिकटिंग मशीन छीन ली और गालियां देने लगा। विरोध करने पर चालक-परिचालक ने उनको पीट दिया। जान से मारने की धमकी भी दी और बिना किसी लिखा-पढ़ी के बस लेकर चले गए। उन्होंनें इसकी शिकायत एआरएम रुहेलखंड अरुण कुमार वाजपेयी और आरएम दीपक चौधरी से की। इसके बाद हाफिजगंज थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरएम ने बताया कि मामला संज्ञान में है। चालक-परिचालक को ऑफ रोड कर दिया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। संवाद