बरेली। हाल ही में रिपोर्ट दर्ज होने से चर्चा में आए सोबती बिल्डर के मालिक चरनपाल सिंह सोबती ने दिल्ली के दंपती सहित 18 लोगों के खिलाफ जमीन कब्जाने और धोखाधड़ी करने के आरोप में बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्रीन पार्क निवासी चरनपाल सिंह सोबती ने बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि पीरबहोड़ा स्थित खसरा नंबर 185 पर उनका कब्जा है। जमीन पर चहारदीवारी भी है। वर्ष 1998 में सुधीर सलूजा से उन्होंने प्लॉट खरीदा था।
एक अक्तूबर को नूर हसन ने चरनपाल के मैनेजर को मेसेज भेजकर बताया कि सुधीर सलूजा की बेटी कनिका सलूजा ने प्लॉट के दो इकरारनामे कर दिए हैं। नूरहसन ने जमीन बिकवाने की बात की। आरोप है कि नूरहसन, उसका बेटा ताहिर और पत्नी जबरन सोबती के दफ्तर में घुस आए और धमकी देने लगे।
दो अक्तूबर को दिल्ली के संतनगर की निवासी कनिका सलूजा, आशुतोष शर्मा, प्रवेश कुमार, कपिल पटेल, विकास यादव, अक्षय पुष्प, शाहबाद अली, नूरहसन, ताहिर हसन, राजकुमार सिंह, सत्यम गंगवार, रविप्रकाश और चार अज्ञात लोग जबरन उनके घर में घुस आए और जमीन कब्जाने की कोशिश करने लगे।
चौकीदार को पीटा। बिल्डर का आरोप है कि ये लोग फर्जी दस्तावेजों से जमीनों पर कब्जे करते हैं और इनके खिलाफ मुकदमे विचाराधीन हैं। बिल्डर के मुताबिक, इज्जतनगर थाना पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। ब्यूरो