बरेली। नगर निगम में आयोजित संभव समाधान दिवस में मंगलवार को प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़ी गड़बड़ियों की भरमार रही। समाधान दिवस में करीब 25 मामले अधिकारियों के सामने आए। इनमें सबसे ज्यादा शिकायतें टैक्स और आईडी में विसंगतियों से संबंधित थीं।
यहां आए कुल मामलों में से सात डबल आईडी से जुड़े थे। पीड़ित उर्मिला ने बताया कि उनके मकान पर डबल आईडी जनरेट हो गई। ऐसे में एक की जगह दो बार बिल पहुंच रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी अब तक समाधान नहीं हुआ।
एक शिकायतकर्ता ने एक ही भवन पर तीन आईडी की बात बताई। दो शिकायतें अवैध निर्माण से संबंधित पाई गईं। फरियादियों ने अधिकारियों को बताया कि वे अपनी शिकायतें लेकर विभागों के चक्कर काट रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी।
नगर निगम के सीटीओ पीके द्विवेदी ने मौके पर ही कई शिकायतों का निस्तारण किया। अधिकारियों ने संबंधित पटल के बाबुओं और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि तकनीकी खामियों और मानवीय भूलों के कारण जनता को परेशान न किया जाए। शेष बचे मामलों की जांच कर उन्हें जल्द से जल्द निस्तारित करने के लिए कहा।