भमोरा: कार की टक्कर से खाई में गिरा ई-रिक्शा, 10 घायल
बरेली-बदायूं रोड पर भमोरा बिजलीघर के पास कार की टक्कर से ई-रिक्शा खाई में घुसकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा में बैठे 10 लोग घायल हो गए। तीन वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर है।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव पस्तोर माफी निवासी राजवीर ने बताया कि वह माता के दर्शन करने के लिए बरेली के चौरासी घंटा मंदिर गए थे। लौटते समय भमोरा बिजलीघर के पास ई-रिक्शा को आगरा जा रही कार ने चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया।
ये भी पढ़ें-
बरेली मांझा फैक्टरी में धमाका: मालिक समेत तीन के उड़े चीथड़े, कैसे हुआ विस्फोट... जांच में सामने आई ये वजह
हादसे में छह वर्षीय रुपेश, तीन वर्षीय उपासना पुत्री राजवीर, सात वर्षीय सूरज, नौ वर्षीय गुलशन के साथ रोहतास, राजवीर, जावित्री, भगवती, ममता व सुमन ई-रिक्शा के नीचे दब गए। राहगीरों ने सभी को बाहर निकाला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां उपासना की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद कार सवार लोग भाग गए। पुलिस ने कार व ई-रिक्शा को कब्जे में लिया है।