बरेली-नैनीताल हाईवे पर बुधवार शाम पांच बजे देवरनियां थाना क्षेत्र के गांव कठर्रा के पास सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से बाइक घुस गई। हादसे में दो भाइयों और उनके बहनोई की मौत हो गई। तीनों रुद्रपुर की एक फैक्टरी में काम करते थे और आंवला से रुद्रपुर जा रहे थे। बाइक बहनोई चला रहा था और हेलमेट नहीं लगाए था। हादसे के तीन घंटे बाद तीनों की पहचान हो सकी।
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आंवला के गांव आसपुर निवासी डालचंद्र की ससुराल बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र के गांव कैमुआ गौटिया में है। डालचंद्र और गांव कैमुआ गौटिया निवासी उसके साले नन्हे व ओमेंद्र रुद्रपुर की एक फैक्टरी में काम करते थे।
कट के पास खड़ा था डंपर
मंगलवार को तीनों एक ही बाइक से रुद्रपुर के लिए निकले थे। उनकी बाइक नैनीताल हाईवे पर सतीश ढाबा कट के पास पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़े डंपर में घुस गई। हादसे में तीनों गंभीर घायल हो गए। उनको एंबुलेंस के जरिये भोजीपुरा के निजी मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
वहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। डालचंद्र की जेब से मिले कुछ कागजों के जरिये उसकी तो पहचान हो गई, लेकिन दो अन्य की पहचान तीन घंटे बाद हो सकी। तीनों शव मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। बृहस्पतिवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।