फरियादियों के लिए थाने के गेट बंद, बाहर ही ली जा रही हैं शिकायतें
विज्ञापन
इंस्पेक्टर समेत 22 की रिपोर्ट आनी बाकी, सभी को क्वारंटीन कराया
सीबीगंज। दो दरोगा के संक्रमित पाए जाने के बाद थाने के पूरे स्टाफ की जांच में बुधवार सुबह तीन और लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें एक दरोगा और दो सिपाही हैं। इंस्पेक्टर और बाकी स्टाफ की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। इसके बाद थाने में इस कदर दहशत का माहौल है कि फरियादियों के लिए उसका गेट बंद कर दिया गया है। उनकी शिकायतें बाहर ही ली जा रही हैं। जिन पुलिस वालों की रिपोर्ट अभी नहीं आई है, उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया है।
सप्ताह भर पहले थाने के दो दरोगा संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद दो और दरोगाओं की तबीयत बिगड़ी थी जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने थाने पहुंचकर पूरे थाना परिसर और जीप को सैनिटाइज किया। इसके साथ सभी 75 पुलिसकर्मियों के सैंपल लेकर जांच के लिए आईवीआरआई लैब भेज दिए थे। बुधवार को 53 सैंपल की जांच रिपोर्ट आई। इसमें एक दरोगा और दो और सिपाहियों में संक्रमण पाया गया। इन तीनों को कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया है। थाने में अब तक तीन दरोगा और दो सिपाही संक्रमित पाए जा चुके हैं। 22 सैंपल की रिपोर्ट आनी और बाकी है। जिन पुलिस वालों की रिपोर्ट नहीं आई है, उन्हें क्वारंटीन करा दिया गया है।
डकैती में घटनास्थल पर छांटकर भेजा स्टाफ
सीबीगंज के कासिमपुर गांव में डकैती की घटना के बाद पीआरवी तो पहले ही पहुंच गई। थाने की टीम को भेजते वक्त कोरोना संक्रमण का अंदेशा सामने आ गया। इसके बाद छांटकर ऐसे स्टाफ को भेजा गया जिनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी थी। सीओ के साथ दोबारा वही टीम गांव गई।