एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा के दूसरे दिन मुरादाबाद जिले के अलग-अलग कॉलेजों में दस नकलची दबोचे गए। विश्वविद्यालय के सचल दल ने यहां छापेमारी और छात्रों को नकल सामग्री के साथ पकड़ा। छात्रों के पास से छपी पर्चियां बरामद हुईं। सचल दल ने सभी पर यूएफएम के तहत कार्रवाई की।
सचल दल ने रामगोपाल सुल्तानदास डिग्री कॉलेज मुरादाबाद में छापा मारा। यहां बीएससी के छह छात्र नकल सामग्री के साथ पकड़े गए। यह पर्चियों से नकल कर रहे थे। कॉलेज के सचल दल को भी निर्देश दिए गए कि सख्ती से तलाशी लें। नकल की पर्चियां अंदर कैसे आईं। बांके लाल डिग्री कॉलेज में छापेमारी हुई। यहां भी बीएससी के तीन छात्र नकल सामग्री के साथ दबोचे गए। जितेंद्र सिंह डिग्री कॉलेज में एक नकलची पकड़ा गया। परीक्षा नियंत्रक महेश कुमार ने बताया कि जिन छात्रों के पास नकल सामग्री बरामद हुई उनपर कार्रवाई कर दी गई है। केंद्र अधीक्षक को भी निर्देशित कर दिया गया है कि गेट पर सख्ती से तलाशी लें।
पहला तल छोड़कर दूसरे तल पर कराई जा रही थी परीक्षा
विश्वविद्यालय के सचल दल ने साहब डिग्री कॉलेज नौगमा सादात अमरोहा के कॉलेज में छापा मारा। यहां परीक्षाएं प्रथम तल पर नहीं, बल्कि दूसरे तल पर कराई जा रही थीं। जब केंद्र अधीक्षक से पूछा गया कि पहला तल छोड़कर दूसरे तल पर परीक्षाएं क्यों कराई जा रहीं हैं तो उनका कहना था कि सुबह होने से प्रथम तल पर पर्याप्त रौशनी नहीं थी। इसलिए दूसरे तल पर परीक्षा कराई गई। हालांकि यहां कोई नकल सामग्री बरामद नहीं हुई, लेकिन शक हो रहा था कि जानबूझकर परीक्षाएं दूसरे तल पर कराई जा रही हैं ताकि सचल दल आने से पहले सारी चीजों को दुरुस्त किया जा सके।
सचल दल ने बैठकर कराई परीक्षाएं
शाहजहांपुर के सिनउआ उजैर सिंह डिग्री कॉलेज में शक होने पर सचल दल ने अपनी मौजूदगी में परीक्षा कराई। सचल दल एक घंटा यहां बैठा रहा। हैरान करने वाली बात थी कि उस दौरान छात्रों ने ठीक से पेपर हल नहीं किया। कॉपियां देखी गईं तो उस दौरान छात्रों ने प्रश्न हल ही नहीं किए। परीक्षा नियंत्रक महेश कुमार ने बताया कि सचल दल से बात की जाएगी। अगर ऐसा है तो पर्यवेक्षक लगाकर परीक्षाएं कराई जाएंगी।
मीरगंज में भी छात्रा के पास मिली नकल
मीरगंज। आरपी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसके शर्मा ने बताया कि प्रात: 7 से 10 बजे की पाली में आंतरिक उड़न दस्ते ने एमए फाइनल सैन्य अध्ययन प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा दे रही एक छात्रा को नकल करते रंगे हाथों पकड़ लिया। उसकी कापी नत्थी कर विश्वविद्यालय को भेज दी गई है।