भोजीपुरा। थाना क्षेत्र के एक गांव में दो युवक दोस्त के घर किशोरियों से मिलने गए। ग्रामीणों ने ड्रोन चोर समझकर दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी। इनके दोस्त के घर से दो किशोरियां मिलीं।
सूचना पर आई पुलिस ने एक किशोरी के पिता की तहरीर तीनों आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, पीटने वाले एक युवक की ओर से गांव के दो युवकों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। भोजीपुरा के एक गांव निवासी मो. नदीम दूसरे गांव के दोस्त मोहम्मद उवैस के साथ दो किशोरियों को लेकर तीसरे दोस्त के गांव स्थित मकान लेकर शनिवार रात में पहुंचे। यहां किशोरियों को सुरेंद्र कुमार के मकान में रखा गया था। रात में करीब 11 बजे आहट होने पर ड्रोन चोर का शोर मच गया। ग्रामीणों ने यह देखकर इस मकान के पास एकत्रित हो गए। फिर ग्रामीणों ने तीनों युवकों को जमकर पीटा। सूचना पर चौकी इंचार्ज धौंराटांडा संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। चौकी इंचार्ज ने बमुश्किल तीनों युवकों को भीड़ से बचाया।
दो किशोरियां निकलीं रिश्तेदार, डांट के बाद छोड़ा था घर : प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी ने बताया कि दोनों किशोरियां रिश्तेदार हैं। एक लड़की को फतेहगंज पश्चिमी में शनिवार को उसकी मां ने डांट दिया तो वह अपनी रिश्तेदार लड़की को लेकर बहेड़ी में अपनी खाला के घर जाने को निकल पड़ी, लेकिन बहेड़ी में खाला का घर नहीं मिला तो वह भोजीपुरा के लिए टेंपो पर बैठ गई। टेंपो वाला भैरपुरा बाजार के पास नैनीताल हाईवे पर दोनों को छोड़कर भाग गया।
तभी भोजीपुरा के एक गांव निवासी मो. नदीम को दोनों किशोरियां मिलीं। नदीम दोनों को दोस्त उवैस के पास ले गया। उवैस ने दोस्त सुरेंद्र को बताकर उसके गांव स्थित खाली मकान में दो किशोरियों को ले गया। हालांकि वह ड्रोन चोर का शोर मचने पर तीनों युवक पकड़ लिए गए। किशोरियों को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है। संवाद
चोर समझकर पीटने वाले दो ग्रामीणों पर भी रिपोर्ट
भोजीपुरा। ड्रोन चोर समझकर शाेहदों को पीटने वाले दो ग्रामीणों रिंकू और पिंकू के खिलाफ भी पुलिस ने मकान मालिक सुरेंद्र की तहरीर पर मारपीट का मामला दर्ज कराया है। संवाद
पुलिस ने नहीं कराया मेडिकल, जब्त नहीं की बाइक : ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान किशोरियों का मेडिकल न कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया। इसके अलावा युवकों के बाइक को जब्त नहीं किया गया।