पीलीभीत से ईंट भरकर पलिया की ओर जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली गुरुवार तड़के थाना भीरा क्षेत्र में कचनारा मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार पीलीभीत जिले के तीन मजदूरों की नीचे दबकर मौत हो गई जबकि दो मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद चालक मौके से भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पलिया में भर्ती कराया है।
पीलीभीत के थाना गजरौला के गांव बिहारीपुर स्थित एक ईंट भट्ठे से ट्रैक्टर ट्रॉली ईंट भरकर पलिया आ रही थी। सुबह करीब चार बजे थाना भीरा क्षेत्र में कचनारा मोड़ पर ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार थाना गजरौला के गांव बिहारीपुर निवासी भगवानदास (30) पुत्र नत्थूलाल, ताराचंद (35) पुत्र उमराव लाल और थाना थाना माधौटांडा के गांव डगा निवासी आरिफ (35) पुत्र असलम आरिफ ईंटों के नीचे दब गए जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर पर सवार बिहारीपुर गांव के अवनीश पुत्र बालकराम और मोहन स्वरूप पुत्र भीमसेन गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से ईंटों को हटवाकर शव बाहर निकाले। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराकर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव घर वालों को सौंप दिए।
ट्रैक्टर ट्रॉली बिहारीपुर भट्ठे से ईंट लेकर पलिया जा रही थी। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव उनके परिवार वालों को सौंप दिए हैं। अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- अनिल कुमार, प्रभारी निरीक्षक थाना भीरा