संक्रमण की पुष्टि के बाद कोविड एल-2 अस्पताल में चल रहा था इलाज
बरेली। कोरोना ने रविवार को भी तीन व्यक्तियों की सांसें थाम दीं। इसमें 26 जुलाई को संक्रमित मिली मानसिक अस्पताल की मनोरोगी महिला भी शामिल है, जिसका इलाज भोजीपुरा के कोविड एल-2 अस्पताल में चल रहा था। सुबह आठ बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं रविवार को 154 और संक्रमित मिले हैं, जिन्हें सर्विलांस टीम आइसोलेट करा रही है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक कुमार के मुताबिक, मानसिक अस्पताल की मनोरोगी के अलावा सिविल लाइंस स्थित स्टेट बैंक के 36 वर्षीय कर्मचारी में 30 जुलाई को संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इनका उपचार भी कोविड अस्पताल में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं एयरफोर्स गेट के सामने इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के रहने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग में 26 जुलाई को संक्रमण की पुष्टि हुई थी, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया कि सभी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हुए थे। मृतकों के परिजनों और प्रशासन को अंत्येष्टि कोविड नियम से कराने के लिए सूचना दे दी गई है। वहीं रविवार को संक्रमित मिले लोगों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग सर्विलांस टीम करा रही है।