बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने सोमवार को थाना सीबीगंज क्षेत्र में तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। ये सभी कॉलोनियां प्राधिकरणों के नियमों का उल्लंघन कर बिना किसी स्वीकृत मानचित्र के विकसित की जा रही थीं।
बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि थाना सीबीगंज के ग्राम मिलक में मान खान और अली रजा खान की ओर से करीब पांच बीघा जमीन पर बिना अनुमति के भूखंडों का चिह्नांकन और चहारदीवारी का निर्माण कर अवैध कॉलोनी का विकास किया जा रहा था। मोहम्मद खास की ओर से लगभग 10 बीघा और पीर खान द्वारा करीब दो बीघा क्षेत्रफल में बीडीए की बिना किसी स्वीकृति के अवैध प्लाटिंग और निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
तीनों ही मामलों में नियमों के उल्लंघन पर उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए प्राधिकरण के अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। चेतावनी भी दी कि किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लाटिंग करने से पहले प्राधिकरण से ले-आउट और मानचित्र स्वीकृत कराना कानूनी रूप से अनिवार्य है।