महिला ने मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत तो पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
बरेली। बच्चों को छीनने के बाद एक व्यक्ति ने अपनी बीवी को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। महिला ने मुख्यमंत्री को आपबीती बताते हुए शिकायती पत्र भेजा तो पुलिस हरकत में आई। सीएम आफिस के निर्देश पर सुभाष नगर थाना पुलिस ने महिला के पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में बिथरी चैनपुर के गांव सैदूपुर लश्करीगंज निवासी रवीना ने कहा है कि उनका निकाह करीब सात साल पहले सुभाषनगर के गांव करेली निवासी मोहम्मद मुस्तफा से हुुआ था। शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले कम दहेज के ताने देते थे। ससुराल वाले मुस्तफा की दूसरी शादी करना चाहते हैं इसलिए कई बार मारपीट भी की लेकिन लोगों ने समझौता करा दिया। अब एक सितंबर की सुबह छह-सात बजे पति ने उसे तीन तलाक दे दिया और दोनों बच्चे छीनकर उन्हें घर से निकाल दिया। उनकी शिकायत पर सुभाषनगर पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस शिकायत के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय के आदेश पर थाना सुभाषनगर में पति मोहम्मद मुस्तफा, देवर मुस्तकीम, मोहम्मद अली, सास और ननद हुस्नआरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।