मध्यप्रदेश की पिछोर तहसील के गांव मसूदा में बम फटने से एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वाले एक ही परिवार के थे। ये लोग पीतल की धातु निकालने के लालच में समीपवर्ती सेना की फील्ड फायरिंग रेंज के जंगल से चले हुए बमों के खोखे बीनकर लाए थे, इन्हीं के साथ एक बिना चला हुआ बम जो कि चांदमारी के दौरान मिस होकर गिरा था इसे भी यह बीनकर ले आए। सोमवार को हथोड़े से चले हुए बमों से पीतल निकाल रहे थे कि इसी दौरान जैसे ही बिना चले बम पर हथोड़ा मारा तो उसकी पिन खुल गई तथा तेज धमाके के साथ विस्फोट होने से यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार मसूदा गांव में आज सुबह एक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने बाहर आकर देखा तो चार लोग खून से लथपथ पड़े हुए थे। इनमें एक साल की बच्ची भी शामिल थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल तड़प रहा था। गांव वालों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायल को इलाज के लिए झांसी रवाना किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी ली तो पता चला कि तीनों लोगों की मौत बम फ टने से हुई है।
पुलिस ने बताया की गांव से तीन किमी की दूरी पर आर्मी कैंट बबीना की फील्ड फायरिंग एरिया की सीमा लगती है, जहां आए दिन सेना अभ्यास करती है, इसमें गोला, बारूद का इस्तेमाल किया जाता है। गांव वाले पीतल की कीमती धातु के लालच में चोरी करके चुपके से फील्ड फायरिंग रेंज में घुसकर वहां से चले हुए बम, हथगोला और गोलियों के कवर ले आते हैं तथा इनकी धातु निकालकर बाजार में बेचते हैं।
मृतक भी बीते रोज कुछ कबाड़ा बीनकर लाए थे, इसमें एक बम भी शामिल था, जो बिना चला हुआ था। आज सुबह उस समय मृतक के घर में चल गया जब वह बम से पीतल व अन्य सामान निकाल रहा थे। पुलिस ने बताया कि पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुके हैं। फायरिंग रेंज के पास बसे कई गांव के लोग चोरी से फील्ड फायरिंग एरिया से कीमती धातु के लालच में विस्फोटक उठाकर लाते हैं।
इनकी हुई मौत
आज हुए हादसे में मरने वालों में श्यामलाल पुत्र डनु जाटव उम्र 55 साल, सुखदेवी पत्नी सुदामा जाटव उम्र 30 साल व आशिकी पुत्री सुदामा जाटव उम्र एक साल शामिल हैं। जबकि, श्यामलाल के भाई का बेटा फूलसिंह गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए झांसी रेफ र दिया गया है। हादसे की जांच करने के लिए आर्मी की टीम, शिवपुरी से एफ एसएल और ग्वालियर से एटीएस की टीम मौके पर पहुंच गई है।
इसके अलावा शिवपुरी के एडिशनल एसपी गजेंद्र कंवर, पिछोर थाना प्रभारी अजय भार्गव ने मौके पर जांच पड़ताल की। हिम्मतपुर चौकी प्रभारी संजीव पवार का कहना है कि फील्ड फायरिंग एरिया से ग्रामीण एक बम लेकर आ गया था और इसमें से पीतल निकाल रहा था बम की पिन फ टने से यह घटना हुई है।