बरेली। बारादरी क्षेत्र में 15 अगस्त की रात तीन चचेरी-तहेरी बहनें घरवालों की टोकाटाकी से परेशान होकर घर से निकल गईं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने इन्हें छह घंटे बाद मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास ढूंढ निकाला। इन्हें परिजनों के सुपुर्द किया गया है। तीनों की उम्र 13 वर्ष के आसपास बताई गई है।
शाहदाना निवासी महिला ने बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि 15 अगस्त की रात वह 13 वर्षीय पुत्री और लगभग इसी उम्र की दो भतीजियों के साथ शाहदाना मजार पर हाजिरी देने आई थीं। वह तो हाजिरी लगाने के बाद घर चली गईं लेकिन लड़कियों ने कुछ देर बाद घर पहुंचने की बात कही। महिला ने बताया कि थोड़ी देर बाद भी जब तीनों नहीं लौटीं तो मोबाइल पर संपर्क किया लेकिन फोन बंद था। इंस्पेक्टर ने बताया कि उन्होंने एसएसपी को घटनाक्रम की जानकारी दी तो उन्होंने थाना व सर्विलांस की संयुक्त टीम का गठन कर किशोरियों की तलाश शुरू कराई।
इंस्पेक्टर ने बताया कि टीम ने फोन डाटा और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर मुरादाबाद स्टेशन के पास से तीनों किशोरियों को तलाश कर लिया। किशोरियों ने बताया कि उनके परिजन बाजार में नहीं घूमने देते और छोटी-छोटी बातों पर टोकते हैंं। इसलिए तीनों ने दिल्ली जाकर खुद कमाने-खाने का निर्णय लिया था। मुरादाबाद पहुंचने के बाद तीनों की हिम्मत जवाब दे गई। पास में जो रुपये थे वह खत्म हो गए। मोबाइल की बैटरी भी जवाब दे गई। तब मुरादाबाद स्टेशन पर तीनों थककर बैठ गईं। वह घर लौटने का मन बनाने लगीं। इस बीच पुलिस परिजनों के साथ पहुंच गई। ब्यूरो