बरेली के बिशारतगंज क्षेत्र के कंधरपुर गांव निवासी दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की प्रधानमंत्री मोदी की रैली से लौटते वक्त पंजाब के फगवाड़ा रोड पर शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। तीनों कई साल से फगवाड़ा के विकास नगर मोहल्ले में रहकर छोले कुलचे का काम करते थे।
फगवाड़ा पुलिस के अनुसार फगवाड़ा से तीनों लोग शुक्रवार को प्रधानमंत्री का भाषण सुनने होशियारपुर आए थे। रैली के बाद सगे भाई राहुल (25) और सोमपाल (19) पुत्र छत्रपाल और उनका चचेरा भाई रमाशंकर (22) पुत्र ननकूराम रात में एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में वह मनराईयां गांव के पास पीछे से आ रही बस की टक्कर से बाइक से गिर गए। इस दौरान वे सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए।
पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सोमपाल और राहुल को मृत घोषित कर दिया। रमाशंकर को जालंधर रेफर किया गया लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। थाना मेहटियाना पुलिस ने परिजन के बयान के आधार पर बस ड्राइवर और ट्रक ड्राइवर आसिफ निवासी मथुरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
बिशारतगंज प्रतिनिधि के मुताबिक तीनों के शव शनिवार देर रात गांव लाए जाएंगे। रविवार को इनकी अंत्येष्टि होगी। कंधरपुर में रहकर मजदूरी करने वाले छत्रपाल के दो ही बेटे थे। बेटी की वह शादी कर चुके हैं।