भोजीपुरा। जमीन का फर्जी मालिक बनकर व्यापारियों से आठ लाख रुपये की ठगी करने के तीनों आरोपियों को मंगलवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसएसपी के निर्देश पर यह रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके मुताबिक नई बस्ती नवाबगंज निवासी व्यापारी अजीम व आशू और शहर के एजाजनगर गौंटिया के खुशमूद आलम ने भोजीपुरा के गांव मझौआ गंगापुर में एक जमीन का सौदा किया था। इन लोगों के परिचित पीर भाई ने बरेली निवासी रेहान ब्रोकर से इन्हें मिलवाया था।
रेहान ने अज्ञात लोगों से मिलकर जमीन दिखाई। जमीन पसंद आने के बाद जालसाजों ने इकरारनामा कराने की बात कही। इकरारनामा से पहले चार लाख रुपये राजू नाम के व्यक्ति के खाते में आरटीजीएस करवाए गए। इसमें 3.60 लाख रुपये नकद लिए। चालीस हजार रुपये फोनपे करवाए गए। नोटरी के दौरान वकील ने जमीन के कागजों का मुआयना किया, तब पता चला जमीन गुलफाम सिंह के नाम है। राजू ने गुलफाम के नाम का फर्जी आधारकार्ड बनवा रखा था।
पीड़ित व्यापारी एसएसपी अनुराग आर्य से मिले थे। एसएसपी ने इंस्पेक्टर भोजीपुरा को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने बाद नाम पता बदलकर ठगी कर रहे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रमियापुर गांव निवासी सत्यपाल यादव, बाग ब्रिगटान बरेली का नंदकिशोर, इज्जतनगर के आंबेडकर नगर का पंकज सक्सेना को बड़ा बाइपास स्थित ढाबा के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनसे 1.90 लाख रुपये, एक मोबाइल फोन, तीन फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए। पुलिस ने इनके खाते को होल्ड करवा दिया है। खाते में दो रुपये जमा हैं।
-
महिपाल यादव गैंग का सदस्य है सत्यपाल
रमियांपुर के ग्रामीणों ने बताया कि सत्यपाल यादव के पास पहले केवल छह बीघा जमीन थी। उसके कुछ ही वक्त में गांव में दो आलीशान मकान बन गए हैं और उसने ट्रैक्टर भी नया खरीदा है। बताया जाता है कि सत्यपाल का मीरगंज के चर्चित महिपाल यादव व नन्हे यादव गिरोह से ताल्लुक है जिसके खिलाफ जमीन के नाम पर धोखाधड़़ी के करीब 30 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीर भाई व रेहान ब्रोकर की तलाश की जा रही है। जल्द ही जालसाजों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।