आंवला। थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान 660 ग्राम अफीम के साथ तीन तस्करी के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बुलेट बाइक और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है। बाइक को सीज कर दिया गया है।
सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि रविवार देर रात पुलिस ने पुरैना तिराहे से जैतपुर मोड़ के वार्ड नंबर एक निवासी संजय विश्वास (55), बिशारतगंज के मिलक जेतपुर की गौटिया निवासी मोर सिंह (27) और आंवला के ग्राम उरला निवासी राहुल प्रताप (45) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे आपस में दोस्त हैं और मिलकर चोरी-छिपे अवैध अफीम खरीदकर बेचने का काम करते हैं। यह अफीम उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदी थी। उस रात भी वे अफीम बेचने के उद्देश्य से जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, राहुल प्रताप के खिलाफ पहले भी थाना सीबीगंज में आर्म्स एक्ट और थाना भमोरा में मामले दर्ज हैं, जबकि मोर सिंह के खिलाफ थाना आंवला में दहेज उत्पीड़न व मारपीट का मामला दर्ज है। संवाद