फरीदपुर के एक गांव में लगे गेहूं के ढेर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीदे गए गेहूं को बारिश से बचाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं
बरेली। गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों से खरीदे हजारों क्विंटल गेहूं के ढेर लगे हैं और मौसम लगातार खराब हो रहा है। मगर फिर यहां गेहूं को भीगने से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
जिले में क्रय केंद्रों पर इन दिनों गेहूं की काफी तेजी से खरीद हो रही है लेकिन उठान काफ कार्य धीमा होने के कारण हजारों क्विंटल गेहूं क्रय केंद्रों पर खुले में पड़े हैं। कुछ गेहूं तौल के बाद बोरों में भकर क्रय केंद्रों पर लगाया गया है तो कुछ ऐसे ही खुले में पड़ा है। अमर उजाला की टीम सोमवार को फरीदपुर के रंपुरिया क्रय केंद्र पर पहुंची तो वहां तमाम गेहूं खुले में पड़ा था। जो गेहूं बोरों में भरा था, उस पर तिरपाल पड़ा था लेकिन खुले में पड़े गेहूं को भीगने से बचाने का वहां कोई इंतजाम नजर नहीं आया। वहां मौजूद स्टाफ से बताया कि जितना तिरपाल है, उसे डाल दिया गया है और गेहूं का लगातार उठान कराया जा रहा है। रविवार रात में भी पांच ट्रक गेहूं गोदाम भेजे गए हैं।
गेहूं गोदाम में भेज रहे मगर तौल हो रही प्रभावित
बहेड़ी। मंडी यार्ड में लगे चार गेहूं खरीद केंद्रों पर दो दिन से गेहूं का एफसीआई के लिए लदान जारी है। केंद्र प्रभारियों ने बताया कि खुले में लगा सारा गेहूं भरवाकर गोदाम भेज दिया है। अब टिन शेड में गेहूं लगा हुआ है। उसको भी गोदाम भेजा जा रहा है लेकिन तौल इन सभी केंद्रों पर बेहद धीरे कर दी गई है। कई कई दिनो में किसानों का नंबर आ रहा है। केंद्र प्रभारियों का कहना है कि बारिश की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए पहले ही गेहूं समेट कर गोदामों में भिजवा दें। उसके बाद तौल तेज कर सकेंगे।
बारदाना नहीं होने से बिशारतगंज में तीन दिन से गेहूं खरीद बंद
बिशारतगंज। कस्बे की क्षेत्रीय सहकारी समिति पर चल रहे पीसीएफ के गेहूं क्रय केंद्र पर बारदाना न होने के कारण तीन दिन से गेहूं खरीद बंद पड़ी है। जिस कारण किसानों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम खराब होने के चलते बारिश से गेहूं भीगने की आशंका ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।
समिति पर प्रतिदिन दो सौ से ढाई सौ कुंतल गेहूं की तौल की जाती है। अब तक 5750 कुंतल गेहूं की खरीद हो चुकी है। समिति सचिव पंकज शर्मा ने बताया कि जो किसान ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं । उन्हीं के गेहूं की तौल समिति पर कराई जा रही है। समिति पर अनावश्यक भीड़ न लगे। इसके लिए बारदाना न होने की दशा में किसानों को फोन पर गेहूं समिति पर न लाने के लिए कह दिया जाता है। उन्होंने बताया कि समिति पर जो खरीद की जाती है उसकी तुरंत डिलीवरी गोदाम के लिए करवा दी जाती है। फिलहाल समिति पर खरीदे गए गेहूं का उठान निल है। गेहूं रखने के लिए समिति पर दो गोदाम व खुले में गेहूं पड़े होने की दशा में त्रिपाल से ढकने की व्यवस्था है।
सचिव ने बताया इस बार सहकारी समिति अलीगंज व क्यारा ब्लॉक की सहकारी समिति सूदनपुर में गेहूं क्रय केंद्र न बनने के काम उक्त समितियों से जुड़े किसानों के गेहूं की तौल भी बिशारतगंज में हो रही है। बारदाने के अभाव में खरीद बंद होने से किसान परेशान हैं।