बरेली के डीडीपुरम स्थित फूड कोर्ट में 40 पक्की दुकानों का निर्माण हो रहा है। यहां लाइट एंड साउंड शोे के लिए उपकरण लगाए जाएंगे। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ संजीव कुमार मौर्य ने दिवाली तक फूड कोर्ट का संचालन शुरू कराने की बात कही है।
बरेली में इस बार दीवाली पर स्मार्ट सिटी कंपनी शहरवासियों के लिए स्वाद और मनोरंजन की सौगात लेकर आ रही है। डीडीपुरम स्थित फूड कोर्ट में 40 पक्की दुकानों का निर्माण चल रहा है। लाइट एंड साउंड शो को भी दीवाली तक शुरू करने की तैयारी है। जिला जेल से उखाड़े गए लाइट एंड साउंड शो के उपकरण यहां लगाए जाएंगे। स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने फूड कोर्ट की जिम्मेदारी निजी फर्म एडटैक को सौंपी है।
विज्ञापन
दिवाली तक फूड कोर्ट का शुरू हो जाएगा संचालन
मौके पर शेड बने होने की वजह से बड़ी कंपनियों ने दिलचस्पी नहीं दिखाई तो पक्की दुकानों के निर्माण का निर्णय लिया गया। दीवाली से पहले दुकानों के साथ लाइट एंड साउंड शो चालू करने की तैयारी है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ संजीव कुमार मौर्य ने फूड कोर्ट का दौरा करने के बाद दिवाली तक फूड कोर्ट का संचालन शुरू कराने की बात कही। इसे 15 साल के अनुबंध पर दिया गया है। निजी फर्म स्मार्ट सिटी लिमिटेड को 4.05 लाख रुपये सालाना देगी। प्रत्येक दो साल में सात फीसदी की दर से इसमें वृद्धि की जाएगी।
एक लेन में नामी कंपनियों के स्टॉल, दूसरे में फूड स्ट्रीट
फूड कोर्ट में दो भाग होंगे। एक में नामी कंपनियों के फूड स्टॉल होंगे। दूसरे में गोलगप्पे, छोले-भटूरे, इडली, डोसा आदि स्ट्रीट फूड का जायका ले सकेंगे। नामी कंपनियों के कपड़े के आउटलेट, मसाज पार्लर खोलने की भी तैयारी है। बच्चों के लिए गेमिंग जोन भी होगा। फर्म एडटैक के संचालक राजीव तनेजा ने यह जानकारी दी। फूड कोर्ट अप्रैल 2024 में बनकर तैयार हो गया था।
फर्म नहीं मिलने की वजह से इसके संचालन में देरी होती रही। जिला जेल के बाहर स्थापित किए गए सात करोड़ के लाइट एंड साउंड शो के दोबारा संचालन में भी देरी हुई, क्योंकि इसे फूड कोर्ट के साथ जोड़ा गया है। फूड कोर्ट का संचालन करने वाली फर्म को ही लाइट एंड साउंड शो भी संचालित करना है। इसका अनुबंध इसी साल अप्रैल में हुआ है।