नवाबगंज। मिठाई के कारखाने में फायरिंग करने के दो आरोपियों के नामजद, दो अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रविवार को पुलिस ने दो आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है। सोमवार को मुख्य आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के जयनगर गांव के भरतबीर कस्बे से सटे ईध जागीर गांव में मिठाई का कारखाना चलाते हैं। भरतबीर ने आरोप लगाकर बताया कि शनिवार रात नौ बजे वह अपने पिता रमेशचंद्र और उनके कारखाने में काम करने वाले कर्मचारी राजकुमार मौजूद थे। इसी बीच चेना गांव के ओमकार और अंकित श्रीवास्तव निवासी बालाजीपुरम नवाबगंज अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मौके पर आ धमके और तमंचा निकालकर फायरिंग करने लगे और फिर भाग गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की रिपोर्ट भरतबीर ने थाना नवाबगंज में आरोपियों के खिलाफ दर्ज करा दी है।
पुलिस ने अंकित श्रीवास्तव को हिरासत में ले लिया है। जांच-पड़ताल में पता चला कि घटना के समय राजेंद्र कुमार निवासी निकट रामलीला मैदान भी शामिल थे। रविवार को पुलिस ने तमंचा लेकर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। सोमवार को पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी ओमकार निवासी चेना को हिरासत में लेकर तमंचा बरामद कर जेल भेज दिया है। संवाद