भुता। ग्राम नगीरामपुर में रविवार रात किसानों के तीन घरों में चोरों ने नकब लगाकर नकदी, जेवर समेत लाखों रुपये का सामान उड़ा लिया। तीनों गृह स्वामियों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, जाग होने पर ग्रामीणों को बक्से और बैग खेतों में पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम नगीरामपुर निवासी रामेंद्र पाल ने बताया कि रविवार रात परिवार बरामदे में रोज की तरह सो रहा था। इसी बीच चोरों ने कमरे की दीवार में पीछे से नकब लगाकर सोने-चांदी के आभूषण समेत नकदी चुरा ली। सुबह चार बजे जब मां राजेश्वरी ने कमरे का दरवाजा देखा तो सामान बिखरा हुआ था। वहीं, एक बक्सा व बैग भी गायब था। शोर-शराबा होने पर आसपास के ग्रामीण भी आ गए। कुछ देर बाद एक ग्रामीण को खेत में खाली पड़ा बक्सा व बैग पड़ा मिला।
इसी गांव के निवासी नरेश पाल के भी मकान में नकब लगाकर चोरों ने माल समेट लिया। वहीं, जगपाल के घर में भी चोरों ने सामान उड़ा लिया। वहीं, पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। बता दें कि दो-तीन दिन पहले ही ग्राम भगवानपुर निवासी किसान मुरारी लाल के घर में भी नकब लगाकर सात हजार की नकदी समेत जेवर चुरा लिए थे। इस मामले में भी चोर नहीं पकड़े गए हैं। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही खुलासा कर चोरों को जेल भेजा जाएगा।