भुता। आलमपुर जाफराबाद के ग्राम पंचायत खेड़ा व ताजपुर नवादिया में मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों में अनियमितता के आरोप में दर्ज हुई रिपोर्ट के विरोध में सोमवार को भुता के कुआंडांडा पर धरना प्रदर्शन किया गया। कार्य बहिष्कार के साथ ही खंड विकास अधिकारी के निलंबन की मांग की गई। साथ ही एक ज्ञापन आंवला लोकसभा सांसद को भेजा गया।
प्रधान व सचिव संगठन का आरोप है कि आलमपुर जाफराबाद के ग्राम पंचायत खेड़ा व ताजपुर नवदिया में मनरेगा योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत के कार्यों का सत्यापन हुआ था। इसके बाद भी प्रधान, सचिव, तकनीकी सहायक व रोजगार सेवक सहित आठ लोगों के विरुद्ध कार्यों में अनियमितता के आरोप में खंड विकास अधिकारी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जबकि सभी कार्यों के अभिलेख व फोटोग्राफ उपलब्ध हैं।
इसी के विरोध में सोमवार को भुता के कुआंडांडा पर ताला जड़ दिए। दिनभर कार्य का बहिष्कार करने के साथ-साथ प्रधान संघ के अध्यक्ष बुधपाल सिंह ने कहा कि मुकदमा खत्म कराया जाए, खंड विकास अधिकारी आलमपुर जाफराबाद का निलंबन किया जाए। अन्यथा अनिश्चितकाल तक धरना प्रदर्शन चलता रहेगा। इन्हीं मांगों को लेकर एक ज्ञापन आंवला लोकसभा सांसद को भेजा गया। धरना प्रदर्शन में ग्राम विकास अधिकारी संघ अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह, मुकेश कुमार, सुमित गुप्ता, प्रधान बुधपाल सिंह, रामरहीस, मनीष यादव, तेजस यादव रहे।