आंवला (बरेली)। कनगांव में मंगलवार को पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के गोपूजन कार्यक्रम में विरोध जताने के लिए ग्रामीणों ने छुट्टा पशुओं को कार्यक्रम स्थल में जुटाने का प्रयास किया। पुलिस ने बुधवार को गांव के ही नन्नें, घमंडी उर्फ मनोज व नरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
कनगांव में मंगलवार को पशुधन मंत्री गोपूजन कर रहे थे। कार्यक्रम में ग्रामीणों के साथ आसपास के अन्य गांवों के भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। शिकायत के बाद भी छुट्टा पशुओं को आश्रय स्थल न भेजने से नाराज नन्नें, घमंडी उर्फ मनोज व नरेंद्र इन्हें हांककर कार्यक्रम स्थल तक ले जाने लगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद पुलिस ने उन्हें समझाया। आरोप है कि इसके बाद भी वह लोग नहीं माने। पशुओं को पीटते हुए कार्यक्रम स्थल तक ले जाने का प्रयास किया। एक पशु का सींग भी टूट गया। बुधवार को उप निरीक्षक महाराज सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि आरोपी निराश्रित पशुओं को पीट रहे थे। समझाने के बाद भी वह नहीं माने। इस पर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।