बरेली। इज्जतनगर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक बाइक और चाकू बरामद किया गया है। दोनों अपनी प्रेमिकाओं के शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करते थे।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर खजुरिया जुल्फिकार के पास रामपुर के शाहबाद निवासी शेखर और फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला अंसारी निवासी अमित यादव को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ विभिन्न थानों में छिनैती और बाइक चोरी के मुकदमे पंजीकृत हैं।
बृहस्पतिवार को दोनों को जेल भेज दिया। पुलिस सर्विलांस के जरिये घटनाओं का खुलासा करने की बात कह रही है। मार्च में मीरंगज से दोनों ने बाइक चोरी की थी। यह बाइक की नंबर प्लेट बदलकर फर्राटा भर रहे थे। इज्जतनगर थाना प्रभारी जयशंकर सिंह के मुताबिक शेखर और अमित की कई प्रेमिकाएं हैं।
इनके खर्चे पूरे करने के लिए दोनों बाइक और मोबाइल फोन करने लगे। दोनों अपने शराब के शौक को भी वाहन चोरी से मिले रुपये से पूरा करते थे। भीड़ वाले इलाकों से चेन स्नेचिंग कर फरार हो जाते हैं।
बरेली की बाइक उत्तराखंड और वहां की बाइक यहां बेचते थे
शेखर और अमित उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर से बाइक चोरी कर शहर में लाते थे और कटवाकर रुपये आपस में बांट लेते थे। वहीं, शहर से बाइक चोरी कर उत्तराखंड में ठिकाने लगाते थे। दोनों मोबाइल फोन लूटकर उत्तराखंड के संजय उर्फ संजू को बेचते थे। पुलिस के मुताबिक मोबाइल और बाइक चोरी की दर्जनों घटनाएं दोनों ने कबूल की हैं।