बरेली। मौसम के यूटर्न के चलते हो रही रिमझिम बारिश से कांप रहे लोगों को अब हल्की राहत मिलने की उम्मीद जागी है। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के बाद बादलों का जमावड़ा खत्म होने के आसार हैं। इससे आसमान करीब चार दिन साफ रहेगा और चटख धूप भी खिलेगी। हालांकि सुबह और शाम को घना कोहरा और सर्द हवा का सितम जारी रहेगा।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक, पिछले दो दिन से शहर में पछुआ हवा के चलते बादलों का जमावड़ा लगा और शहर में अनुकूल माहौल मिलने पर कहीं निमभन तो कहीं मध्यम बारिश हुई। दो दिनों में करीब चार एमएम बारिश होने से पारे में भी दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।
पिछले दिनों गुनगुनी धूप का लुत्फ ले रहे लोगों की सर्द मौसम खत्म होने की आस पर मौसम ने पानी फेर दिया। तापमान में आई गिरावट ने लोगों को घरोें में कैद करना शुरू कर दिया है। हालांकि, अब फिर लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। डॉ. गुप्ता के मुताबिक हवा की दिशा गुरुवार की सुबह बदल जाएगी, जिससे आसमान साफ रहेगा। दोपहर बारह बजे के बाद चटख धूप खिलने की उम्मीद है। तापमान में बढ़त दर्ज होने से लोगों को भी हल्की राहत मिलेगी। करीब चार दिनों तक कमोवेश ऐसा ही मौसम बना रहने की उम्मीद जताई है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच और मंगलवार से करीब दो डिग्री कम 16.9 डिग्री और न्यूनतम 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।