बरेली। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार को सदर तहसील स्थित सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई की लाइव मानीटरिंग हो रही है और संपूर्ण समाधान दिवसों की भी लाइव मानीटरिंग की जाएगी।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले तहसील दिवस रजिस्टर व उपस्थिति रजिस्टर को देखा। उन्हाेंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्यमंत्री की मंशा है कि आमजन की शिकायतों का यथाशीघ्र व गुणवत्तापरक निस्तारण कराया जाए। इसी दृष्टिकोण से जिला मुख्यालयों पर जनसुनवाई की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है तथा शीघ्र ही समस्त तहसील मुख्यालयों व संपूर्ण समाधान दिवसों की भी लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था लागू हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिस शिकायतकर्ता की शिकायत का निस्तारण किया जाए उससे फोन पर बात करके यह भी पूछा जाए कि वह इस शिकायत के निस्तारण से संतुष्ट हैं या नहीं। पीड़ित अपनी समस्याएं स्वयं लेकर आएं, किसी बिचौलिया का सहारा न लें। इस मौके पर एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, तहसीलदार सदर आदि उपस्थित रहे।