बरेली। विवेचना में खेल करने वाली तीन विवेचकों का सामना वादी से कराया गया तो वह सवालों का जवाब नहीं दे पाए। अब एसएसपी ने तीनों विवेचकों के खिलाफ जांच बैठा दी है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने 13 जून को दर्पण पहल की शुरुआत की थी। इसके तहत मुकदमे के वादी और विवेचकों को आमने-सामने बैठाकर समस्या का समाधान किया जाता है। चार सितंबर को पुलिस कार्यालय में विवेचकों और वादी का सामना कराया गया। विशारतगंज के दरोगा हेमंत कुमार और आंवला थाने के दरोगा राहुल कुमार व सचिन कुमार के खिलाफ विवेचना में लापरवाही व मनमानी बरतने की बात सामने आई। वह वादी के सवालों का सामना नहीं कर सके, न ही अधिकारियों को संतुष्ट कर सके।
अब एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। दरोगा सचिन और राहुल के खिलाफ जांच की जिम्मेदारी आंवला थाने के इंस्पेक्टर क्राइम को दी गई है। दरोगा हेमंत कुमार के खिलाफ जांच की जिम्मेदारी सीओ आंवला को दी गई है। मीरगंज के दरोगा मनीष कुमार, भमोरा के केशव कुमार, इज्जतनगर के सुशील कुमार, भोजीपुरा के सतीश कुमार आदि थानों के दरोगा पर लापरवाही का आरोप लगा। हालांकि, जब वादी से सामना कराया गया तो इनकी कार्यशैली संतोषजनक पाई गई। इन विवचकों को सही ढंग से विवेचना करने के आदेश दिए गए हैं। ब्यूरो