बरेली। फैक्टरी लगाने व होटल बनाने के नाम पर जमीन खरीदने का ड्रामा करके एक गिरोह ने जिलेभर में काश्तकारों से करोड़ों रुपये हड़प लिए। इस गिरोह पर दर्ज 20 मुकदमों की विवेचना क्राइम ब्रांच कर रही है। अब एसएसपी के आदेश पर कोतवाली में नई रिपोर्ट दर्ज हुई है।
भमोरा के गांव कटका रमन निवासी हिमांशु कुमार ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि भोजीपुरा थाना क्षेत्र के घंघोरा निवासी दिनेश उर्फ सतेंद्र यादव, मीरगंज के रम्पुरा सिमरिया निवासी अवधेश कुमार, भोजीपुरा के रमियापुर निवासी अतुल यादव उर्फ अंकित और सौरभ सिंह ने प्रहलादपुर स्थित देव सिंह राना की जमीन बिक्री होने की बात कही। गिरोह के सदस्यों ने हिमांशु कुमार से कहा कि देव सिंह व उसका बेटा हितेंद्र राना 16 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से जमीन बेच रहे हैं, जबकि जमीन 22.50 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से नोएडा के सेठ को बेचने का सौदा कर लिया है। गिरोह के लोगों ने हिमांशु को पंद्रह लाख रुपये लगाने पर मुनाफा होने की बात कही।
इस पर हिमांशु ने 3.80 लाख रुपये का इंतजाम कर दे दिया। जमीन का एग्रीमेंट सौरभ के नाम करा दिया गया। आरोप है कि तीन जून 2019 को गिरोह में शामिल मसीहाबाद गांव का प्रधान महिपाल सिंह यादव नोएडा के सेठ का मैनेजर बनकर जमीन खरीदने आया। महिपाल ने अपना नाम दिनेश गुप्ता बताया। कहा कि सेठ को फैक्टरी लगानी है। इसके लिए यह जमीन सही है। अगले दिन महिपाल ने फोन कर बताया कि सेठ जी दुबई में हैं और जमीन खरीदने में करीब बीस दिन लग जाएंगे।
इसके बाद गिरोह के लोग हिमांशु को टरकाते रहे। तभी हितेंद्र राना के जान-पहचान के लोगों ने बताया कि यह गिरोह सेठ और मैनेजर बनकर फैक्टरी लगाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करता है। हितेंद्र ने पुलिस केस न करने पर रुपये दिलाने का वादा किया। वर्ष 2019 से अब तक केवल 60,500 रुपये हितेंद्र ने वापस किए। बाकी रुपये नहीं दिए और जान से मारने की धमकी देने लगे। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
मीरगंज और भोजीपुरा में दर्ज हुए मुकदमे
मसीहाबाद के प्रधान महिपाल और बसपा सरकार में दर्जा राज्यमंत्री रहे पन्नालाल कश्यप के गिरोह ने कई काश्तकारों को एक ही तरीके से ठगा। गिरोह के लोग खुद सेठ, सेठ का मैनेजर और वकील बनकर मिलते थे। जमीन पर फैक्टरी या होटल बनाने का झांसा देकर रुपये ऐंठ लेते थे। थानों में इनके खिलाफ सुनवाई नहीं होती थी। तत्कालीन आईजी राकेश कुमार सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराईं तो सिलसिला शुरू हो गया। भोजीपुरा और मीरगंज थाने में गिरोह के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। पूर्व में दर्ज करीब 20 मामलों की विवेचना क्राइम ब्रांच कर रही है। ब्यूरो
गैंगस्टर लगाने की तैयारी
किसानों से ठगी करने वाले गिरोह की शिकायतें अब तक सामने आ रही हैं, जिन पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। पुलिस गिरोह के सदस्यों पर गैंगस्टर की कार्रवाई करेगी। प्रशासन की मदद से उनकी संपत्ति जब्त कराई जाएगी। - अनुराग आर्य, एसएसपी