बरेली के देवरनियां कोतवाली क्षेत्र की रिछा चौकी क्षेत्र की ग्राम पंचायत दमखोदा में शुक्रवार की रात बरात में डीजे पर डांस को लेकर मारपीट व फायरिंग होने से अफरातफरी मच गई। घटना में जिला पंचायत सदस्य समेत चार लोग घायल हो गए। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज देखने के तीन दिन बाद व बरेली सांसद के संज्ञान लेने के बाद पुलिस ने दो नामजद और 13 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
घटना की जानकारी दमखोदा निवासी अरुण कुमार ने पुलिस को दी है। तहरीर में बताया कि नौ मई दिन शुक्रवार रात को बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के गांव दीननगर निवासी दीपांशू के साथ राज पैलेस दमखोदा में एक शादी में आए थे। वहां डीजे पर डांस को लेकर पीलीभीत के थाना जहानाबाद के गांव लालपुर निवासी रवि गंगवार और सनी गंगवार से कहासुनी हो गई। आरोपियों ने अपने लगभग 15 साथियों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। इसके बाद तमंचे से फायरिंग भी की।
शोर सुनकर बचाने आए वार्ड 12 से जिला पंचायत सदस्य राकेश गंगवार, दीपांशू और अरुण कुमार, प्रेमपाल के साथ भी मारपीट की गई। इससे चारों घायल हो गए। जिला पंचायत सदस्य समेत चारों का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन उससे पहले आरोपी वारदात स्थल से जा चुके थे। इस बीच आरोपियों ने दो दिन में समझौते का दबाव बनाया।
मामले में जांच है जारी : इंस्पेक्टर
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि अरुण कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। बैंक्वेट हॉल में सीसी कैमरे की फोटो निकालकर जांच की जा रही है।