बरेली में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टर ने मरीज के पेट का ऑपरेशन कर ट्यूमर की जगह छोटी आंत निकाल दी, जिससे मरीज की मौत हो गई।
बरेली के एक निजी अस्पताल में पेट दर्द का इलाज कराने पहुंची निजी स्कूल की शिक्षिका की छोटी आंत डॉक्टर ने निकाल दी, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर संबंधित के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन
पीलीभीत के थाना न्यूरिया के कस्बा मझोला निवासी शिक्षिका मिनी रस्तोगी (22) के इलाज के लिए पिता राजकुमार रस्तोगी पांच नवंबर को बरेली आए और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने जांच के लिए सैंपल लिया, पर रिपोर्ट आने से पहले ही आंत का ऑपरेशन कर दिया। जबकि, रिपोर्ट में पेट में ट्यूमर था।
आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही से मिनी की तबीयत बिगड़ी। ऑपरेशन के बाद हालत में सुधार नहीं हुआ और 22 नवंबर को उनकी मौत हो गई। तहरीर में परिजन ने डॉक्टर पर जानबूझकर रुपयों के लालच में मरीज की जान लेने का आरोप लगाया है।
आरोप यह भी है कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद रुपये वसूले गए। मौत के बाद जब इलाज की रिपोर्ट मांगी तो अस्पताल प्रबंधन ने देने से इन्कार कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई है।