बरेली के सीबीगंज में शराब की दुकान पर मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में बवाल हो गया। मारपीट के साथ ही पथराव होने से भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर झगड़ा कर रहे लोगों को खदेड़ा।
विज्ञापन
रविवार शाम लगभग सात बजे सीबीगंज में रामपुर रोड स्थित शराब की दुकान पर सरनिया निवासी मुकुट लाल नशे में धुत खड़ा हुआ था। इसी दौरान उसकी कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग जमा हो गए और मारपीट करने लगे। कुछ देर बाद ही पथराव शुरू हो गया। इससे वहां भगदड़ मच गई।
सूचना पर इंस्पेक्टर सीबीगंज ओपी गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाठियां फटकार कर झगड़ा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि अभी दोनों पक्षों में से किसी ने तहरीर नहीं दी है।
शाम होते ही ठेलों पर सज जाते हैं मयखाने
सीबीगंज में शराब की दुकानों के आसपास लोग ठेलों पर खड़े होकर शराब पीते हैं। शाम होते ही ठेलों पर शराबियों की भीड़ जुटने लगती है। जिस जगह झगड़ा हुआ, वहां भी ठेले पर शराबियों का हुजूम जमा होता है। चाट, पकौड़ी और अंडे के इन ठेलों पर मयखाने सजने को पुलिस भी नजरअंदाज करती रहती है।