जानकारी के अभाव सुबह से पहुंच जाते है लोग
बरेली। आधार कार्ड बनवाने के लिए लोगों की भीड़ प्रधान डाकघर में बढ़ती जा रही हैं। जानकारी के अभाव में दूरदराज से भी लोग सुबह से ही आधार बनवाने के लिए लाइन लगा रहे हैं। बच्चों का आधार बनवाने व अपडेट कराने के लिए उनके माता-पिता को परीक्षा देनी पड़ रही हैं। वहीं दूसरी तरफ आधार के लिए शहर में बनाए गए अन्य केंद्र पर भीड़ नहीं मिल रही हैं।
स्कूलों में बच्चों का दाखिला शुरु होते ही आधार कार्ड केंद्रों पर भीड़ फिर से बढ़ने लगी है। आधार कार्ड बनवाने के लिए लोगों की लाइन प्रधान डाकघर पर लग रही हैं। प्रेमनगर के आधार कार्ड बनवाने आए गौरव कश्यप ने बताया कि सुबह आठ बजे से लाइन में लगे है, आधार कार्ड में जन्मतिथि अपडेट करानी है। मीरगंज से आई कमला ने बताया कि चार साल की बेटी का आधार कार्ड बनवाना है दो दिन से चक्कर काट रहे है, लेकिन अभी तक आधार कार्ड नहीं बना है। इसी तरह शहर, बहेड़ी, आंवला, फरीदपुर समेत अन्य जगह के लोग प्रधान डाकघर में आधार कार्ड बनवाने आए हुए थे। सीनियर पोस्ट मास्टर जीए खान ने बताया कि आधार के लिए अतिरिक्त काउंटर चल रहा है। भीड़ अधिक होने के कारण समय लग रहा है। शहर में बीएसएनल ऑफिस, बैंक में आधार कार्ड बनवाने व अपडेट हो रहे है। पटेल चौकी पर बनी बैंक ऑफ बडौदा में नए आधार से लेकर आधार को अपडेट किया जा रहा है। ऑॅपरेटर ब्रिजेश ने बताया कि जानकारी के अभाव में लोग यहां कम पहुंचते है। संवाद
-
दो दिन से लगा रही दौड़
- मुझे अपने तीन साल के बेटे रितिक का आधार कार्ड बनवाना है। भोजीपुरा से दो दिन से यहां आ रही हूं लेकिन अभी तक आधार नहीं बन पाया है। - ऊषा, भोजीपुरा
- अपनी छह साल की नातिन राधिका का आधा कार्ड बनवाने आया हूं। सुबह सात बजे ही आ गया था लेकिन दोपहर तक नंबर नहीं आया है। जमुना प्रसाद, कैंट
-
शहर में इन जगह पर बनते हैं आधार कार्ड
- टेलीफोन एक्सचेंज राजेंद्र नगर
- टेलीफोन एक्सचेंज चौपुला
- बैंक ऑफ बड़ौदा मुख्य शाखा
- बैंक ऑफ इंडिया सिविल लाइन
- एसबीआई संजय नगर चौराहा
- यूनियन बैंक प्रियदर्शनी नगर
- यूनियन बैंक अग्रसेन पार्क के पास
- डंडसइंड बैंक जनकपुरी