महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों के खिलाफ जिला महिला कांग्रेस की ओर से सोमवार को शहर के सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में धरना देने के बाद कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने नवाबगंज और शीशगढ़ थाना क्षेत्रों में र्हुईं बलात्कार की घटनाओं को उदाहरण देते हुए कहा कि जिले में अब महिलाओं के साथ अपराधों की हद हो चुकी है, पुलिस इसलिए इस पर लगाम नहीं लगा पा रही है क्योंकि अपराधियों में कोई खौफ नहीं है। उन्होंने कहा कि कहीं ऐसा न हो कि अपराधों के खिलाफ नारी शक्ति को खुद आगे आकर आंदोलन करने को विवश होना पड़ा इसलिए प्रदेश सरकार को कानून व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।
धरना स्थल पर हुई सभा में महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कमलेश ठाकुर ने कहा कि पुलिस महिलाओं पर होने वाले अपराधों को दबाना चाहती है। थाना पुलिस छोटी से छोटी घटनाओं को नजरंदाज कर देती है इसलिए बड़ी घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। धरना के बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को देकर महिलाओं पर हो रहे अपराधों पर अंकुश लगाने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में पार्टी के जिलाध्यक्ष रामदेव पांडेय, महानगर अध्यक्ष चौधरी असलम, प्रदेश सचिव अनुज गंगवार, अमजद सलीम, जियाउररहमान, महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष किरन शिव, बीना शर्मा, सुषमा, मीना यादव, रुखसाना बेगम, रागिनी सिंह, भगवंती देवी, कृष्णा शर्मा, कमलेश पटेल, प्रभात गिरी गोस्वामी, रागिनी सिंह, पूनम और अनीस सकलैनी आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।