एसएसपी ने जिले भर में चिह्नित कराए, डीएम कराएंगे रोशन
बरेली। जिले में 148 स्थान ऐसे हैं जहां रात को घुप्प अंधेरा रहता है। एसएसपी अनुराग आर्य ने अभियान चलाकर ऐसे स्थानों को चिह्नित कराया है। कुछ जगहों पर अंधेरे की वजह से एक्सीडेंट, लूट व गोकशी जैसी घटनाएं होने का भी प्रमाण मिला। अब एसएसपी ने इनका विवरण डीएम को भेजा है। यहां स्ट्रीट लाइट लगवाने की अपेक्षा की गई है।
एसपी सिटी के अधीन आने वाले क्षेत्र में 34 स्थान, एसपी उत्तरी के अधीन क्षेत्र में 59 और एसपी दक्षिणी के क्षेत्र में 55 जगह अंधेरा रहता है। थानावार देखें तो कोतवाली में सात जगह चिह्नित की गई हैं। प्रेमनगर में पांच, कैंट में तीन, किला में एक, सुभाषनगर में तीन, सीबीगंज में छह, बारादरी में दो, इज्जतनगर में छह स्थान चिह्नित किए गए हैं।
बिथरी चैनपुर में 23, फतेहगंज पश्चिमी में एक, भोजीपुरा में 12, शीशगढ़ में तीन, देवरनियां में चार, शेरगढ़ में एक, नवाबगंज में आठ, हाफिजगंज में चार, क्योलड़िया में दो स्थान छांटे गए हैं। मीरगंज, सिरौली, शाही, आंवला व बिशारतगंज में तीन-तीन, भमोरा में पांच, अलीगंज में 15, फरीदपुर में छह, फतेहगंज पूर्वी में आठ, भुता में छह डार्क स्पॉट छांटे गए हैं। ब्यूरो
जहां अपराध और दुर्घटना की आशंका, वहां पहले पहुंचेगा उजाला
एसएसपी अनुराग आर्य ने उन स्थानों का खासतौर पर जिक्र किया है जहां दुर्घटना और अपराध होने की ज्यादा आशंका है। रिपोर्ट में जिक्र है कि अंधेरा होने के कारण प्रेमनगर में आरपीएफ बैरक के पास राइफल लूट की घटना हुई थी। सुभाषनगर पुलिया से बाइक चोरी हो चुकी हैं। सुभाषनगर श्मशान घाट के पास अंधेरे में तमंचा लेकर घूमता युवक पकड़ा गया था। वंशीनगला रोड पर गांजे का सौदा अंधेरे में होता पकड़ा गया था। इज्जतनगर के सहारा मैदान में कई बार गोकशी की घटनाएं हो चुकी हैं। हाफिजगंज तिराहा, सेंथल कट, भड़सर रोड पुल पर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। फतेहगंज पूर्वी के लार्ड बुद्धा स्कूल के पास और उचसिया मोड़ से आगे लूट हुई थी। यहां पहले उजाला कराया जाएगा।
-
जिले में कई थाना क्षेत्रों में ऐसे डार्क स्पॉट हैं जहां अपराध और दुर्घटनाएं हुई हैं। इसलिए इन स्थानों की सूची डीएम को भेजी गई है। उनके स्तर से संबंधित विभागों को निर्देश देकर यहां प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। - अनुराग आर्य, एसएसपी