शहर में 35 सत्र में लगेंगे टीके, विभाग के पास सिर्फ आठ हजार डोज
बरेली। कोरोना के खिलाफ चल रही जंग में अब वैक्सीन कम पड़ रही है। विभाग के पास वैक्सीन की सिर्फ आठ हजार डोज ही बची है। लिहाजा, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को सीएचसी, पीएचसी पर टीकाकरण नहीं कराए जाने का निर्णय लिया है। मंगलवार की शाम तक शासन से वैक्सीन मिलने के बाद आगे की योजना निर्धारित होगी।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को शासन से वैक्सीन की 15 हजार डोज मिली थी। सोमवार को वैक्सीन मिलने की उम्मीद में जिला प्रतिरक्षण कार्यालय की ओर से 103 टीकाकरण सत्र आयोजित हुए थे। इसमें 14 हजार लोगों को प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य था। 18 से 44 आयुवर्ग के 95 और 45 पार के 97 फीसदी लोग प्रतिरक्षित हुए। इसमें करीब 13 हजार डोज लोगों को लगी। शेष डोज के अतिरिक्त सोमवार को शासन से कोवाक्सिन की छह हजार डोज मिली। कोवाक्सिन की आपूर्ति कम होने से विभाग छह हजार में से तीन हजार डोज सुरक्षित रखेगा, ताकि दूसरी डोज लगाने के लिए विकल्प रहे। लिहाजा, करीब चार से पांच हजार लोगों को ही मंगलवार को वैक्सीन लगेगी। सीएचसी, पीएचसी और देहात के उपकेंद्रों पर चल रहे टीकाकरण सत्र आयोजित नहीं होंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि वैक्सीन मंगलवार को मिलने की उम्मीद है। जिसके मिलने पर आगे की योजना निर्धारित की जाएगी।