रेलकर्मी का एटीएम कार्ड, चेक और साइन किया हुआ स्टांप भी सूदखोर के कब्जे में
विज्ञापन
हत्या की धमकी देने पर पत्नी ने की एसएसपी से शिकायत
बरेली। पुलिस सूदखोरों पर शिकंजा कसने का दावा तो कर रही है लेकिन फिर भी तमाम लोग सूदखोरों के जाल में फंसे हुए हैं। सिटी स्टेशन के पास स्थित रेलवे कालोनी में रहने वाली सुधा मिश्रा ने एसएसपी से शिकायत की है कि सूदखोर को वह डेढ़ गुना रकम दे चुकी है लेकिन फिर भी वह और पैसा मांग रहा है। उन्हें और उनके पति को भी आए दिन धमकियां देता है।
सुधा ने एसएसपी कार्यालय में की शिकायत में कहा है कि 2018 में उन्होंने कैंट के गोल मार्केट के एक सूदखोर से लड़की की शादी के लिए दो लाख रुपये कर्ज लिया था। कर्ज देते समय सूदखोर ने उनके पति का एटीएम और दो चेक व एक स्टांप पर हस्ताक्षर करवाकर अपने पास रख लिए। सूदखोर उनसे दस प्रतिशत ब्याज वसूल रहा है। तीन साल में वह सूदखोर को 3.40 लाख रुपये दे चुकी हैं लेकिन वह उन पर दो लाख रुपये और बकाया बता रहा है। सुधा का कहना है कि उनके पति का 30 जून को रिटायरमेंट है। सूदखोर आए दिन उन्हें धमकी देता है। उन्हें एटीएम, चेक और स्टांप पेपर भी नहीं लौटा रहा है। आए दिन उन्हें धमकी देता है कि पति को जान से मरवा देगा। एसएसपी ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।