आरोपी पूर्व में भी जा चुका है जेल, ग्राम रईया नगला है निवासी
मीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव गूला में 25 दिन पूर्व चार घरों में हुई चोरी का खुलासा कर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसके पास से सामान बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी स्मैक पीने का आदी है। कुछ दिन पहले ही चोरी के आरोप से जेल से जमानत पर आया था। आते ही गूला गांव में चार घरों से चोरी कर ली। आरोपी की पहचान कलुआ उर्फ रिजवान पुत्र अनवर हुसैन, निवासी ग्राम रईया नगला के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सामान बरामद किए हैं, जिनमें एचपी कंपनी का सिलिंडर, एल्युमिनियम का भगौना, लोहे की सरिया, सफेद धातु की पायल, पीली धातु के कुंडल, 450 रुपये नकद और अन्य सामान शामिल हैं।
आरोपी के खिलाफ चोरी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। क्षेत्र के गूला गांव में छह दिसंबर की रात चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया था। सबसे पहले चोर ज्ञानेंद्र सिंह के घर में घुसे और नकदी व जेवर लेकर फरार हो गए। इसके बाद राममूर्ति, बंटू और धर्मेंद्र सिंह के घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। धर्मेंद्र सिंह के घर परिजन जाग गए और शोर मचाने पर चोर वहां से भाग निकले। संवाद