सैंपल लेने के बाद जिला जेल की अलग बैरक में भेजे गए तीनों आरोपी
बरेली। सुभाषनगर के सील एरिया में कोरोना संक्रमित परिवार के घर में चोरी कर पूरे पुलिस महकमे के होश उड़ा देने वाले चोरों ने बुधवार को मीडिया के सामने बताया कि उन्होंने उन्होंने मास्क और दस्ताने पहनकर चोरी की थी लिहाजा उन्हें संक्रमित होने का खतरा नहीं है। बता दें कि चोरों की गिरफ्तारी के बाद सवाल उठा था कि अगर वे संक्रमित हुए तो उन्हें पकड़ने वाली पुलिस भी खतरे में आ जाएगी। सैंपल लिए जाने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया जहां उन्हें अलग बैरक में रखा गया है।
पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले थाना सुभाषनगर चोरों ने खुद पूरा घटनाक्रम बताया। लवकुश ने बताया कि कोरोना संक्रमितों के बंद घर का फोटो व्हाट्सएप पर देखकर उसने चोरी का प्लान बनाया था। सप्ताह भर घर में मौजूद वायरस मरने का इंतजार किया, फिर आकाश को कॉल करके प्लान बताया। आकाश शाम को मास्को को लेकर उसके घर आ गया। वे लोग नाले पर अनुज ठाकुर के घर से सौ रुपये की कच्ची शराब लाए और पीकर सो गए। रात साढ़े 12 बजे लवकुश ने दोनों को जगाया। तीनों चोरी करने पहुंचे तो एक बार कुत्तों ने उन्हें दौड़ा दिया। दूसरी बार आकाश की हिम्मत घर में घुसने की नहीं हुई। वह निगरानी के बहाने मोड़ पर खड़ा हो गया। बाकी दोनों मास्क और दस्ताने पहनकर अंदर गए। चोरी के बाद लवकुश के घर पर बंटवारा हुआ। दोनों के हाथ में करीब 2200 रुपये आए। बाकी रुपये और जेवर लवकुश और उसकी मां ने रख लिए। रात में तीनों नहाकर सो गए।
एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि 12 अप्रैल की रात कोरोना संक्रमित परिवार के घर का ताला तोड़कर चोरी हुई थी। चोरों की तलाश में पुलिस और क्राइम ब्रांच जुटी हुई थी। सुभाषनगर के ही तीन चोरों को मदर पब्लिक स्कूल के पास से पकड़ा गया। इनमें मूल रूप से खजुवाई बिशारतगंज का लवकुश वर्मा, दामोदरपुरम का आकाश साहू और होली चौक का अमन उर्फ मास्को शामिल है। लवकुश की मां भूरी देवी कुछ जेवर लेकर फरार है। उसे भी आरोपी बनाया गया है। तीनों ने बीडीए कॉलोनी सुभाषनगर के सुनील कुमार के घर में भी चोरी की थी। इनसे एक लैपटॉप, 10930 रुपये और कुछ जेवर मिला है। लवकुश ने पहले एक स्कूटी चुराई थी, उसका इंजन भी नाले से बरामद कराया है।
बोले- एक लाख का भी माल नहीं था, लाखों की चोरी पढ़कर भागे
तीनों चोरों ने बताया कि चोरी के अगले दिन जब उन्होंने अखबारों मं कई लाख की चोरी की खबर पढ़ी तो घबरा गए। दो दिन बाद उसके घर दबिश पड़ी और पुलिस उसके भाई को उठा ले गई। लवकुश पीछे से भाग निकला। रात दोस्त के घर बिताई, अगली सुबह गुलड़िया मौसी के घर पहुंचा। दो दिन खेत में काम करने वाले किसानों के साथ रहा। जब पता लगा कि उसके दोनों साथी व परिवार के लोग पुलिस ने उठा लिए हैं तो खुद आकर सरेंडर हो गया। इंस्पेक्टर हरिश्चंद्र जोशी ने बताया कि पहले 13 लाख जेवर व एक लाख नकदी की चोरी बताई गई। फिर परिवार ने करीब साढ़े चार लाख के जेवर व 15 हजार नकदी चोरी की तहरीर दी। चोरों के मुताबिक एक लाख के करीब ही चोरी हुई है।
चोरी के साथ नर्सिंग की पढ़ाई भी
लवकुश जीएनएम का कोर्स कर रहा है। यह उसका अंतिम वर्ष है। उसने बताया कि नशे की आदत पूरी करने को वह अपराध करता है। 12वीं पास आकाश डेकोरेशन का काम करता है। बीएसएनएल कर्मचारी के बेटे अमन सक्सेना उर्फ मास्को ने हाईस्कूल के पेपर दिए हैं। वह डीजे ऑपरेटर है।