कुछ दिन पहले यूबी एरिया में काटे गए थे पशु
बरेली। सैन्य इलाके में बदमाशों की सक्रियता बढ़ती जा रही है। कुछ दिन पहले पशु तस्कर सैन्य क्षेत्र में यूबी एरिया हेडक्वार्टर के पास कटान कर अवशेष छोड़ गए थे। अब चोरों ने रक्षा संपदा अधिकारी के एसडीओ के बंद आवास के ताले तोड़कर कीमती सामान उड़ा लिया। आवास के अंदर काफी समान पोटलियों और कट्टों में भी भरा मिला। छुट्टियों से लौटे अधिकारी ने कैंट पुलिस को घटना की तहरीर सौंपी है।
कैंट क्षेत्र में बंगला नंबर 53 के एक क्वार्टर में रहने वाले प्रद्युम्न कुमार चौहान रक्षा संपदा कार्यालय में एसडीओ टू के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि होली से पहले सात मार्च को वह छुट्टी लेकर त्योहार मनाने एक संबंधी के घर पंश्चिम बंगाल पहुंचे थे। इस बीच नौ मार्च की शाम उनके सरकारी आवास पर तैनात चौकीदार ने उन्हें फोन कर वहां ताले टूटे होने की जानकारी दी। सूचना पर उन्होंने अपने पड़ोसी साथियों को मुआयना करने को कहा। साथियों ने उन्हें घर का सामान पोटलियों और कट्टों में बंधा होने की जानकारी दी। त्योहार और शहर से दूर होने के कारण वह 15 मार्च को स्टेशन लौटे। उनके मुताबिक आवास से दस हजार रुपये नकद, एक सरकारी कैमरा गायब था। देखने पर मालूम हो रहा था कि चोर सामान बांधने के बाद कोई आहट होने के कारण सामान छोड़कर भाग निकले।