गांव परेवा में बनाई गई मिट्टी से बनाया गया मजार रूपी ढांचा। शिकायत के बाद युवक ने खुद हटा दिया।
हाफिजगंज। मन्नत पूरी करने के लिए हिंदू युवक ने अपने ही खेत में मजार का ढांचा बनाने लगा। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने पहुंचकर खुद युवक से हटवा दी। इससे गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने विरोध कर युवक पर कार्रवाई की मांग की।
थाना हाफिजगंज क्षेत्र के गांव परेवा कुर्मियान का एक हिंदू युवक करीब चार सालों से अपने ही खेत में एक मजार रूपी मिट्टी का ढांचा बनाने लगा। उसमें धूपबत्ती व चादर चढ़ा रहा था। शुक्रवार को उसे मजार का रूप देने के लिए ईंटे मंगवाईं तो ग्रामीणों ने हिंदू संगठनों को सूचना दी। हिंदू संगठनों ने एक्स पर शिकायत कर दी, जिससे पुलिस सक्रिय हो गई।
पुलिस मजार बना रहे ग्रामीण के घर पर पहुंची। उसके खेत में जाकर देखा तो शिकायत सही मिली। पुलिस ने कारण पूछा तो युवक ने बताया कि वह बीमार रहता था। हर जगह गया, लेकिन उसको लाभ नहीं मिला। तभी किसी ने बताया कि सैयद बाबा की सेवा करो। उनके लिए अपने खेत में स्थान बनाकर पूजा करो तो तुम ठीक हो जाओगे। युवक ने बताया कि तब से वह पूजा कर रहा है।
इस पर पुलिस ने उक्त द्वारा बनाई गई मजार रूपी मिट्टी का ढांचा उसी युवक के माध्यम से हटवा दिया। साथ ही सख्त हिदायत भी दी। इधर, गांव में मजार बनने पर लोगों में गुस्सा है। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत करा दिया है। संवाद