बहेड़ी। भाई के साथ घर के सामने सड़क पर टहल रहे एक युवक को बेकाबू बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
थाना क्षेत्र के गांव पचपेड़ा निवासी मोहन स्वरूप उर्फ पप्पू का बेटा दीपक (23) हफ्ता भर पहले शाम के वक्त घर के नजदीक सड़क पर टहल रहा था। उसी दौरान फर्राटा भरकर आ रहे एक बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह उछलकर दूर जा गिरा। साथ में मौजूद भाई रूपेश की सूचना पर परिजनों ने गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तब से उसे लगातार आईसीयू में रखा गया था। मंगलवार देर रात इलाज के दौरान दीपक की सांसें थम गईं। पोस्टमाॅर्टम के बाद बुधवार को शव गांव लाया गया, जहा उसका अंतिम संस्कार किया गया। दीपक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह पढ़ाई के साथ खेतीबाड़ी में भी घरवालों का हाथ बंटाता था। असमय हुई इस मौत ने परिजनों को दहला कर रख दिया है। हादसे के बाद बाइक सवार मौके का फायदा उठाकर भाग जाने में कामयाब रहा। संवाद