फतेहगंज पश्चिमी। इलाके के एक गांव से किशोरी को ले जाने वाला दूसरे समुदाय का युवक अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। वह बार-बार लोकेशन बदल रहा है। मामला दो समुदाय से जुड़े होने के कारण गांव में पुलिस बल तैनात है।
मंगलवार सुबह इलाके के एक गांव से दूसरे समुदाय का युवक किशोरी को फुसलाकर ले गया था। किशोरी के परिजनों ने युवक के घर जाकर शिकायत की तो उनके साथ गाली-गलौज व हाथापाई की गई। इस वजह से दोनों समुदाय के बीच तनाव बढ़ गया। पुलिस फोर्स ने समय से पहुंचकर मामले को संभाल लिया था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी युवक की लोकेशन रुद्रपुर में मिलने पर पुलिस वहां पहुंची तो उसने अपना फोन बंद कर लिया। बुधवार दोपहर बाद आरोपी का मोबाइल खुला तो लोकेशन नैनीताल की मिली। पुलिस अब नैनीताल में युवक को तलाश रही है। थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। संवाद