बुधवार रात घरेलू कलह से तंग आकर एक युवक ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। बेटे की खुदकुशी से मृतक की मां और परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला अनुपुरा घेर करम खां निवासी विक्की (30) के पिता की काफी साल पहले मौत हो गई थी। मृतक का छोटा भाई दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है। विक्की पेशे से ड्राइवर था। अभी कुछ दिनों पहले उनकी पत्नी रोशनी दो बेटे व एक बेटी के साथ मायके खेड़ा नवादा जिला बदायूं चली गई थीं। आसपास के लोगों का कहना है कि अभी एक-दो दिन पहले ही विक्की का पत्नी से मोबाइल पर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। तब से विक्की अवसाद में था।
चर्चा है कि बुधवार रात भी मृतक की अपनी पत्नी से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। इसके बाद विक्की अपने कमरे मेंं चला गया और फंदा लगाकर जान दे दी। चीख पुकार की आवाज सुनकर विक्की की मां ने जब कमरे में जाकर देखा तो वह घबरा गई। उन्होंने आसपास के लोगों को घर में बुलाया। किसी ने डायल 112 पर सूचना दी तो देर रात पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संवाद