पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
नवाबगंज। महिला ने घर में घुसकर मारपीट कर घायल करने और धार्मिक ग्रंथ जलाने का आरोप लगाते हुए बुधवार को थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मारपीट, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। इधर, दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार कस्बे के मोहल्ला जामा मस्जिद के पास रहने वाली महिला नईमा का आरोप है कि रंजिश को लेकर उनके पड़ोस में रहने वाले कजूब, अजूब और उसकी पत्नी मुंबशरा ने मंगलवार को उसके घर में घुसकर उन्हें मारपीट कर गंभीर घायल कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर उनके घर में रखे धार्मिक ग्रंथ को भी जला दिया। महिला ने बताया कि इस मारपीट में उसकी दो बेटियां भी घायल हुई हैं।
बुधवार को दूसरे पक्ष से कस्बे की जामा मस्जिद निवासी अब्दुल कयूम ने छह लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
जांच में मारपीट की बात आ रही सामने : अपराध निरीक्षक
अपराध निरीक्षक वेद सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच में दो पक्षों में मारपीट की बात सामने आ रही है। धार्मिक ग्रंथ जलाने का महिला ने आरोप लगाया है, लेकिन ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद